कैसे बने मनभावन किचन
कभी किचन को सिर्फ खाना बनाने की जगह समझा जाता था. यही वजह थी कि उसके लुक की तरफ लोग कम ही ध्यान देते थे. लेकिन अब वक्त बदल चुका है. हालांकि घर डिजाइन करते हुए अक्सर किचन का ख्याल दिमाग से निकल जाता है. लेकिन यह घर का वो हिस्सा है जहां घर की महिलाओं का काफी वक्त बीतता है, ऐसे में जरूरी है कि किचन की भी प्रॉपर डिजाइनिंग की जाए जिससे वह सुविधाजनक बन सके. आप देखेंगे कि किचन डिजाइनिंग्स से पूरे घर का लुक बदल जाता है. आइये जानते हैं कैसे बनाएं एक बढ़िया किचन
हाउसवाइफ हो या फिर कोई कामकाजी, औरतों के वक्त का एक बड़ा हिस्सा किचन में जरूर बीतता है. ऐसे में घर के इस हिस्से का सुविधाजनक होना बेहद जरूरी है. जिससे कि न सिर्फ ताजा और स्वादिष्ट खाना बनाने में मदद मिल सके बल्कि किचन से संबंधित हरेक सामान भी सुरक्शित रखा जा सके. अक्सर घर के बेड और लिविंग रूम के साथ लाबी के अलावा बालकनी की डेकोरेशन और सुविधाओं को ध्यान तो रख लिया जाता है, लेकिन किचन को भुला दिया जाता है. जबकि किचन के लिए भी पूरी प्लानिंग की जरूरत होती है. किचन को सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के लिए माड्यूलर किचन कांसेप्ट्स का भी अब जमकर इस्तेमाल होने लगा है. वैसे जरूरी नहीं कि किचन को मॉड्यूलर रूप दिया ही जाए. ट्रेडिशनल किचन में भी कुछ बातों का ध्यान रखते हुए उसे सुविधाजनक बनाया जा सकता है.
किचन की प्लानिंग करते हुए सबसे पहले इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज के बारे में सोचें. मिक्सी, रेफ्रिजरेटर, अवन जैसे डिवाइसेज कहां रखनी हैं और उनके लिए इलेक्ट्रिकल सौकेट्स कहां लगाए जाएंगे, इसे प्लान करना कतई न भूलें. इसके बाद बारी आती है गैस के चूल्हे और सिंक की. जरूरी सामान को सेट करने के बाद राशन और मसालों की बारी आती है. इन सबको सुरक्शित रखने के लिए आप कैबिनेट्स बनवाना चाहते हैं या फिर ड्रॉअर यह अपनी सुविधा के अनुसार डिसाइड कर सकते हैं. वैसे आजकल किचन की डिजाइन के लिए मैटीरियल्स की कमी नहीं. आलमारी के लिए चाहें तो ओक और टीक वुड का इस्तेमाल कर सकते हैं या फिर लैमिनेटेड वुड और प्लास्टिक मेटीरियल भी खूब चल रहे हैं.
समय के साथ हर चीज में बदलाव आया है. पहले लोग किचन में सफेद रंग की टाइल्स का ही प्रयोग करते थे. लेकिन आज कई टाइल्स कंपनियां खासतौर से किचन के लिए अलग से टाइल्स डिजाइन करती हैं. आप भी अपने किचन का लुक बदलने के लिए फैशनेबल टाइल्स को अपना सकते हैं. आजकल किचन टाइल्स के सेट में दो कंट्रास्ट कलर (लाइट और डार्क) की टाइल्स, बॉर्डर और खूबसूरत मोटिफ होता है. बेशक किचन टाइल्स सेट थोड़ा महंगा होता है, लेकिन इसके लगाने से किचन की खूबसूरती देखते ही बनती है.
इन सभी सुविधाओं का ध्यान रखने के साथ किचन का हवादार होना भी जरूरी है. किचन में कम से कम एक खिड़की होनी तो जरूरी ही है. धुंए को बाहर निकालने के लिए इलेक्ट्रिकल चिमनी अच्छा ऑप्शन है, अगर आपका बजट इसकी इजाजत नहीं देता तो ऐसे में फ्रेश एयर फैन का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. जहां तक लाइट की बात है तो हैलोजेन लाइट्स और बल्ब की बजाय सीएफएल का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर होता है. सीएफएल के इस्तेमाल से जहां बिजली की खपत कम होती है वहीं इसकी दूधिया रोशनी भी बल्ब के मुकाबले कहीं ज्यादा होती है. जहां तक किचन से संबधित सामान की बात है तो कभी भी घटिया ब्रांड के फेर में न पड़ें और ब्रांडेड आइटम लेने की कोशिश करें. इन बातों का ध्यान रखते हुए अगर आप अपना किचन डिजाइन करते हैं तो निश्चय ही आपका किचन बेहतरीन और सुविधाजनक होगा.